मध्य प्रदेश

घर में घुसकर छेड़छाड़ करने वाला ईनामी आरोपी गिरफ्तार, झारखंड भागने से पहले ही रिश्तेदार के घर से पकड़ाया

भोपाल। कमला नगर थाना पुलिस ने महिला सुरक्षा और नाबालिगों पर होने वाले अपराधों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और सटीक जमीनी पुलिसिंग के बल पर पिछले 6 महीने से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी और पॉक्सो एक्ट के शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी त्योहार के दौरान पुलिस को चकमा देकर अपने एक रिश्तेदार के घर छुपा हुआ था और भोपाल से दोबारा दूसरे राज्य भागने की फिराक में था। जानकारी के अनुसार पुलिस ने एक नाबालिग की रिपोर्ट पर आरोपी शोहिल के खिलाफ घर में जबरन घुसकर पैसों की मांग करने, छेड़छाड़ व बदतमीजी करने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया था।घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी गिरफ्तारी पर पांच हजार का ईनाम घोषित किया गया था। तलाशी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शोहिल बकरीद के मौके पर भोपाल आया हुआ है। वह पुलिस को चकमा देने के लिए अपने खुद के घर के बजाए एक रिश्तेदार के घर छुपा हुआ है। पुलिस की सायबर और तकनीकी टीम ने तत्काल आरोपी के मोबाइल नंबरों की टावर लोकेशन खंगाली, जिससे मुखबिर की सूचना की पुष्टि हो गई। उसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी झारखंड भागने वाला था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button