मध्य प्रदेश

उज्जैन लोकायुक्त पुलिस ने पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

कृषि भूमि का नामांतरण करने के लिए मांगे थे 40 हजार रुपये

मंदसौर– लोकायुक्त पुलिस उज्जैन की टीम ने एक पटवारी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक व्यक्ति से कृषि भूमि का नामांतरण करने के लिए 40 हजार रुपए की राशि मांगी थी। आरोपी पहले दस हजार रुपये की रिश्वत ले चुका था। बुधवार को तीस हजार की रिश्वत लेते हुए उसे दबोच लिया गया।जानकारी के अनुसार इस मामले की शिकायत दिनेशचंद्र जोशी निवासी ग्राम धलपत तहसील सुवासरा जिला मंदसौर द्वारा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन को की गई थी। दिनेश ने शिकायत में बताया कि उनके बड़े भाई स्वर्गीय भगवती प्रसाद को कोई संतान नहीं थी, इसलिए उन्होंने उसके लड़के आनंद जोशी को गोद लेकर दत्तक पुत्र बनाया था। भाई भगवती प्रसाद के नाम पर दर्ज कृषि भूमि का नामांतरण उनके दत्तक पुत्र आनन्द के नाम से करवाने के कार्य के लिए वह हल्का पटवारी हरीश पाटीदार से मिला तो पटवारी ने नामांतरण कार्य हेतु 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।आवेदक की शिकायत की तस्दीक कर उज्जैन लोकायुक्त दल द्वारा ट्रैप कार्य आयोजित किया गया। बुधवार को आवेदक से 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पटवारी हरीश पाटीदार को तहसील कार्यालय सुवासरा में रंगे हाथों पकड़ा गया। पटवारी द्वारा 10 हजार रुपए आवेदक से शिकायत वाले दिन ही ले लिए गए थे।

पांच हजार की रिश्वत के साथ पकड़ाया शासकीय कर्मचारी

मंडला– लोकायुक्त पुलिस जबलपुर की टीम ने तहसील कार्यालय के एक कर्मचारी को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कृषि भूम के खसरे में नाम सुधारने के नाम पर दस हजार रुपए के रिश्वत की मांग की थी। शिकायत के बाद लोकायुक्त ने पुलिस ने रिश्वत लेते हुए दबोच लिया। जानकारी के अनुसार इस मामले की शिकायत गेंदालाल सर्वटे (30) निवासी ग्राम दरगड़, तहसील निवासी जिला मंडला द्वारा लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक जबलपुर से की गई थी। शिकायत में बताया गया कि आवेदक के पिता के नाम कृषि भूमि के खसरे में पिता का नाम मूलचंद के स्थान पर त्रुटिवश फूलचंद दर्ज है। खसरे मं उक्त नाम सुधरवाने के एवज में आरोपी काशीराम मरावी, सहायक ग्रेड-3 रीडर, कार्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा दस हजार रुपये के रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त की टीम ने बुधवार को काशीराम को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button