मध्य प्रदेश

दिनदहाड़े चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार, 5.50 लाख का माल बरामद

टीटी नगर पुलिस ने आरोपी महिला को दबोचा, बाणगंगा में हुई थी घटना

भोपाल। टीटी नगर पुलिस ने दिनदहाड़े एक महिला के घर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली शातिर महिला चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से ढाई लाख रुपये नगद और जेवरात समेत करीब 5.50 लाख का माल बरामद किया गया है। आरोपी महिला के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में एक दर्जन से ज्यादा चोरी और नकबजनी के मामले पहले से दर्ज हैं।जानकारी के अनुसार मंगला बंसोडे (53) बाणगंगा नॉर्थ टीटी नगर में रहती हैं और गृहणी हैं। उनके पति प्रायवेट काम करते हैं। महारशिवरात्रि के दिन मंगला के पति अपने काम पर गए थे, जबकि बेटा शुभम बंसोडे कोतवाली इलाके में शिव बारात में शामिल होने चला गया था। दोपहर करीब दो बजे मंगला ने अपने मकान में ताला लगाया और चाबी गमले में रखने के बाद मोहल्ले के शिव मंदिर चली गई। उसके बाद वह शिव बारात के साथ मोहल्ले में घूमती रही। कुछ समय बाद बेटा लौटा और उसने चाबी मां को देकर वह भी शिव बारात में शामिल हो गया। शाम करीब चार बजे मंगला घर पहुंची थी।उसके बाद उन्होंने रात करीब साढ़े दस बजे पैसे निकालने के लिए अलमारी खोली तो उसके अंदर रखे करीब 3 लाख रुपये और जेवरात समेत करीब साढ़े 5 लाख रुपये का सामान गायब था। बाद में उन्होंने टीटी नगर थाने पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

ऐशबाग इलाके से पकड़ाई महिला चोर

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की एक विशेष टीम बनाकर आरोपियों की तलाश में लगाया गया इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने और मुखबिरों की सक्रियता से संदेही महिला का पता चला। पुलिस टीम ऐशबाग स्थित संदेही के घर पहुंची। पूछताछ में महिला ने अपना नाम रजिया खान (44) निवासी जनता क्वार्टर ऐशबाग बताया। चोरी को लेकर पूछने पर महिला ने शनिवार को दिन के समय बाणंगगा स्थित मकान से नकदी और जेवरात चोरी करना स्वीकार कर लिया।

वाशिंग मशीन में छिपाकर रखा था सामान

पूछताछ के बाद पुलिस ने रजिया के घर में रखी वाशिंग मशीन खोलकर देखा तो उसके अंदर ढाई लाख रुपये नगद, सोने का मंगलसूत्र, कान की बाली, गले की चेन व लॉकेट तथा चांदी का गुच्छा समेत करीब साढ़े पांच लाख रुपये का सामान बरामद कर लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button