राज्य

राजस्थान को दिवाली पर नई ट्रेन की सौगात, 26 अक्टूबर से खातीपुरा-संतरागाछी के बीच दौड़ेगी साप्ताहिक ट्रेन

 

जयपुर
 दिवाली के त्योहार पर घर जाने की तैयारी कर रहे यात्रियों के लिए राहत की खबर है। राजस्थान को एक और नई ट्रेन मिलने जा रही है। खातीपुरा और पश्चिम बंगाल के संतरागाछी के बीच साप्ताहिक ट्रेन का संचालन 26 अक्टूबर से शुरू होगा। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस ट्रेन से उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। खासकर हावड़ा सुपरफास्ट और सियालदह एक्सप्रेस में लंबी वेटिंग से परेशान यात्रियों को एक और विकल्प मिल सकेगा।

खातीपुरा स्टेशन से दूसरी नई ट्रेन
जयपुर जंक्शन पर बढ़ते यात्रीभार को कम करने के लिए खातीपुरा स्टेशन को वैकल्पिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसी कड़ी में यहां से ट्रेनों का संचालन लगातार बढ़ रहा है। महज चार महीने में स्टेशन को दूसरी नई ट्रेन मिलने जा रही है। इससे पहले जून में खातीपुरा से दरभंगा के लिए अमृत भारत ट्रेन शुरू की गई थी। त्योहारों के दौरान विशेष ट्रेनों का संचालन भी इस स्टेशन से किया जा रहा है। नई ट्रेन के नियमित संचालन से यात्रियों को दूसरे प्रमुख स्टेशनों पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिलेगा। साथ ही जयपुर जंक्शन पर भीड़ का दबाव घटाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

29 स्टेशनों पर होगा ठहराव, 5 प्रदेशों को जोड़ेगी ट्रेन
खातीपुरा-संतरागाछी साप्ताहिक ट्रेन को रास्ते में 29 स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। इनमें दौसा, बांदीकुई, आगरा, टूंडला, कानपुर, फतेहपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, डाल्टनगंज, रांची, मुरी, पुरुलिया, टाटानगर और खड़गपुर सहित प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इन ठहरावों से राजस्थान के साथ उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को भी लाभ मिल सकेगा। ट्रेन का उद्घाटन विशेष सेवा के रूप में होगा, जिसके बाद इसका नियमित साप्ताहिक संचालन किया जाएगा।

खातीपुरा स्टेशन पर बढ़ा रेल संचालन
खातीपुरा स्टेशन से फिलहाल 28 ट्रेनों का संचालन हो रहा है। यहां औसतन प्रतिदिन 2,127 यात्री आते-जाते हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, स्टेशन का औसत दैनिक राजस्व करीब 4.90 लाख रुपए है। पिछले डेढ़ साल में यहां से संचालित ट्रेनों की संख्या लगभग दोगुनी हुई है। रेलवे की इस पहल से खातीपुरा स्टेशन की भूमिका और बढ़ेगी। त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यात्रियों को संभालने और लंबी दूरी की यात्रा के लिए विकल्प उपलब्ध कराने में नई ट्रेन अहम साबित हो सकती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button