मध्य प्रदेश

रिटायर्ड भेलकर्मी और होटल मैनेजर को जालसाजों ने लगाई लाखों की चपत

एक व्यक्ति को परिचित बनकर और दूसरे को टास्क देकर ठगा

भोपाल। राजधानी में एक रिटायर्ड भेलकर्मी और एक होटल के सैल्स मैनजर के साथ लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सायबर जालसाजों ने एक व्यक्ति को परिचित बनकर रुपये ट्रांसफर करवा लिए, जबकि दूसरे को टास्क पूरा करने के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए। पुलिस ने शिकायत के बाद अज्ञात सायबर जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पिपलानी इलाके में रहने वाले रतन सिंह (60) भेल कारखाने के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। पिछले दिनों उनके पास अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया और खुद को उनका परिचित बताते हुए यूपीआई से जुड़ी पूरी जानकारी हासिल कर ली। रतनसिंह को आवाज से लगा कि वह उनका परिचित व्यक्ति होगा, इसलिए उन्होंने जानकारी शेयर कर दी। उसके बाद परिचित के कहने पर उन्होंने दो बार में उसके बताए गए एकाउंट में 1 लाख 45 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। ठगी का एहसास होने पर रतन सिंह ने राष्ट्रीय सायबर हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत की, जिसके बाद पिपलानी पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

सेल्स मैनेजर को लगाई पौने दो लाख की चपत

इधर कोहेफिजा इलाके में रहने वाले एक युवक के साथ पौने दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। फरियादी विनय लालवानी (23) कोहेफिजा में रहते हैं और एक होटल कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं। पिछले दिनों उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया, जिसमें लिखा था कि इस लिंक को क्लिक करने पर पैसे मिलेंगे। विनय ने लिंक पर क्लिक किया तो उनके मोबाइल में डेढ़ सौ रुपये पहुंच गए। इसके बाद उन्हें दोबारा मैसेज भेजा गया, जिसमें आधार कार्ड और बेसिक जानकारी मांगी गई। जानकारी भरने के बाद उन्हें एक टेलीग्राम ग्रुप पर जोड़ा गया और लिंक भेजी गई। इस लिंक को क्लिक करने के बाद उनके एकाउंट में रुपये आने लगे। एक हजार रुपये से ज्यादा की रकम आने पर उन्हें बड़ा मुनाफा कमाने के लिए पैसे लगाने का बोला गया। लालच में आकर विनय ने रुपये ट्रांसफर करने शुरू कर दिए। एक लाख 70 हजार पांच सौ रुपये ट्रांसफर करने के बाद रकम काफी बढ़ गई, लेकिन वह उसे निकाल नहीं पा रहे थे। रुपये निकालने के लिए 3 लाख 26 हजार रुपये की मांग की जाने लगी तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ।

व्यवसायी को लगाई 1 लाख 19 हजार की चपत

कोलार इलाके में रहने वाले एक व्यवसायी को जालसाजों ने एक लाख उन्नीस हजार रुपये चपत लगा दी। जानकारी के अनुसार फरियादी नरेंद्र (66) कोलार रोड पर रहते हैं और कपड़े की दुकान चलाते हैं। पिछले दिनों उनके पास अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया और बताया कि आपका एड्रेस क्लीयर नहीं हो रहा है, इसलिए पार्सल डिलीवरी नहीं हो पाएगी। एड्रेस क्लीयर करने के लिए उसने मोबाइल पर एक एपीके फाइल भेजकर लिंक को ओपन करने का बोला। दुकानदार का एक इलेक्ट्रिक का सामान का पार्सल आने वाला था, इसलिए उन्होंने भेजी गई लिंक पर क्लिक कर दिया। उसके बाद उनके दो एकाउंट से 1 लाख 19 हजार चार सौ रुपए कट गए। पुलिस ने शिकायत के बाद अज्ञात जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button