मध्य प्रदेश

हनुमानगंज थाने में जब्तशुदा 114 लावारिस वाहनों की नीलामी, शासन को मिला 3.27 लाख का राजस्व

भोपाल। राजधानी के थानों में लंबे समय से धूल खा रहे लावारिस वाहनों के निराकरण के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन आउट के तहत थाना हनुमानगंज में बड़ी कार्यवाही की गई। विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट और पुलिस उपायुक्त (जोन-3) के आदेशानुसार, पुलिस एक्ट की धारा 25 के तहत 114 लावारिस दोपहिया वाहनों की खुली नीलामी संपन्न हुई। इस प्रक्रिया से राज्य शासन के खजाने में 3,27,000 रुपये का राजस्व जमा हुआ है। जानकारी के अनुसार पुलिस एक्ट 1960 के प्रावधानों के तहत इन वाहनों के निराकरण के लिए एक लंबी और विधिवत प्रक्रिया का पालन किया गया। नीलामी से पूर्व दैनिक समाचार पत्रों में उद्घोषणा और सूचना का प्रकाशन कराया गया था। वाहनों की उपयोगिता खत्म होने और थाने में जगह की कमी को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त शालिनी दीक्षित ने निरीक्षण के दौरान इनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए थे। नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए डीसीपी मयूर खंडेलवाल द्वारा एक समिति गठित की गई थी। इस दौरान करीब 100 बोलीदाता थाना प्रांगण पहुंचे। सहायक पुलिस आयुक्त हनुमानगंज राकेश बघेल और थाना प्रभारी अवधेश भदौरिया की देखरेख में खुली बोली लगाई गई। संपूर्ण प्रक्रिया का सफल संचालन प्रधान आरक्षक आशीष कुमार श्रीवास महिला थाना द्वारा किया गया।

पुलिस थाना परिसरोंं का बदला स्वरूप

इस अभियान का दोहरा लाभ मिल रहा है। एक ओर जहां कबाड़ हो रहे वाहनों से शासन को राजस्व मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर थानों के प्रांगण अब साफ-सुथरे और व्यवस्थित नजर आने लगे हैं। धूल और मिट्टी के कारण अपनी उपयोगिता खो रहे इन वाहनों के हटने से थानों में कामकाज के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध हुआ है। आगामी समय में गौतम नगर और टीला जमालपुरा जैसे थानों में भी इसी प्रकार की नीलामी कार्यवाही सुनिश्चित की  गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button