सीट पर बैठने की बात को लेकर यात्री के साथ की मारपीट

भोपाल। भुसावल से इटारसी की ओर जा रही मेमो ट्रेन में सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद में बारातियों द्वारा एक युवक और उसके नाबालिग भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने न केवल पीड़ित परिवार को सीट से बेदखल किया, बल्की विरोध करने पर उनके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट भी की। फरियादी दानिश खान निवासी खंडवा ने जीआरपी पुलिस को बताया कि वह अपने परिवार के साथ भुसावल-इटारसी मेमो से यात्रा कर रहा था। रात करीब साढ़े दस बजे बुरहानपुर स्टेशन से एक बारात ट्रेन में चढ़ी। बारात में शामिल दो व्यक्ति जबरन उनकी सीट पर बैठ गए और उसे वहां से उठा दिया। जब दानिश ने उनसे गंतव्य के बारे में पूछा, तो आरोपी गाली-गलौज पर उतारू हो गए और कहने लगे कि वे बनापुरा जा रहे हैं। रात करीब बारह बजे जब ट्रेन खंडवा स्टेशन पर पहुंची, तो वहां दानिश की मां और उसके दो जुड़वां भाई भी ट्रेन में बैठने के लिए आए। दानिश ने जब अपने परिवार के बैठने के लिए आरोपियों से जगह मांगी तो दोनों अज्ञात व्यक्ति दोबारा विवाद करने लगे। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपियों ने दानिश और उसके भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया जाते-जाते दोनों अज्ञात आरोपियों ने धमकी दी कि यदि दोबारा सीट मांगी तो वे उन्हें जान से खत्म कर देंगे। विवाद के बाद पीड़ित परिवार खंडवा स्टेशन पर ही उतर गया, जबकि आरोपी उसी ट्रेन से आगे निकल गए। दानिश ने जीआरपी थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई है।



