घर से लापता हुए युवक का दस दिन बाद कुएं से बरामद हुआ शव

भोपाल। गुनगा पुलिस ने ग्राम धमर्रा रोड स्थित एक खेत पर बने कुएं से युवक की लाश बरामद की है। वह करीब दस दिन पहले घर से बगैर बताए गायब हो गया था। परिजनों ने ईटखेड़ी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी, जिसके बाद से पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। शव कई दिन पुराना होने के कारण पूरी तरह से डीकम्पोज हो गया था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही युवक की मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।जानकारी के अनुसार देवेंद्र मेहर (40) लांबाखेड़ा स्थित झुग्गीबस्ती में रहता था और पर्स-बैग बेचने का काम करता था। बीती 17 अप्रैल को वह घर से बगैर बताए लापता हो गया था।काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला तो परिजनों ने उन्नीस अप्रैल को ईंटखेड़ी थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसके बाद से पुलिस और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार को परिजन देवेंद्र की तलाश करते हुए ग्राम धमर्रा स्थित अमरसिंह के खेत पर बने कुएं पर पहुंचे तो एक शव दिखाई दिया, जिसकी पहचान देवेंद्र के रूप में हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर पीएम के लिए भेज दिया। मृतक की जेब से उसका मोबाइल फोन बरामद हुए था, लेकिन पानी में होने के कारण वह खराब हो चुका था। शव करीब आठ से दस दिन पुराना होने के कारण पूरी तरह से डीकम्पोज हो गया था। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।



