शहर के विभिन्न इलाकों से एक दर्जन दोपहिया वाहन चोरी

भोपाल। राजधानी के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। यहां सेठी नगर इलाके में घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल को अज्ञात चोर ने निशाना बनाया है। घटना के समय वाहन मालिक काम के सिलसिले में शहर से बाहर था, जिसके लौटने के बाद अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों से बदमाश एक दर्जन दोपहिया वाहन चोरी कर ले गए हैं।जानकारी के अनुसार मूल रूप से छिंदवाड़ा निवासी जितेंद्र बारेवार ने पुलिस को बताया कि वह अशोका गार्डन के सेठी नगर में किराये के मकान में रहता है और निजी काम करता है। कुछ समय पहले वह काम के सिलसिले में बैंगलोर गया था और अपनी मोटरसाइकिल को घर के बाहर खड़ा कर गया था। पिछले दिनों दोस्त ने फोन पर सूचना दी कि रात को घर के बाहर खड़ी बाइक सुबह गायब है। बैंगलोर से लौटने के बाद जितेंद्र ने अपने स्तर पर बाइक की तलाश की, लेकिन जब उसका कुछ पता नहीं चला तो थाने जाकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इधर बरखेड़ी जहांगीराबाद से मकसूद अली, कोटरा स्थित बैंक आफ बड़ौदा के सामने से दुर्गेश थापा, पिपलानी चांदबाड़ी से रघुवीर अहिरवार, इंद्रप्रस्त कालोनी कटारा हिल्स से संजय राजौरिया, इमामी गेट कोतवाली से फारुख अंसारी, दुर्गा चौक तलैया से गौरव सोनी, बिजली घर के पास सईद नगर कोहेफिजा से मोहन मगारे, गांधी नगर स्थित अब्बास नगर से समीर खान और बैरसिया इलाके से रोहित साहू की बाइक चोरी हो गई। पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात वाहन चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।



