प्राणघातक हमले में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
आरोपी पर बढ़ाई जा रही हत्या की धारा, पहले हो चुकी गिरफ्तारी

भोपाल। राजधानी के अशोका गार्डन इलाके में प्राणघातक हमले में घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। घायल की मौत के बाद आरोपी युवक के खिलाफ हत्या की धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। दोनों के बीच मोबाइल की बात को लेकर विवाद होना बताया गया है। जानकारी के अनुसार अंकित जोशी (27) कैलाश नगर सेमरा में रहता था और ड्रायवरी करता था। पिछले दिनों मोहित नामक युवक ने अंकित पर उसका मोबाइल चोरी करने का आरोप लगाया था।इस बात को लेकर बीती एक मार्च को अंकित उससे बातचीत करने के लिए पहुंचा था। उस वक्त मोहित घर पर नहीं था। वापस लौटते समय मोहित पहुंच गया और मोबाइल की बात को लेकर उससे बहसबाजी करने लगा। विवाद बढऩे पर मोहित ने अंकित के गले पर चाकू से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हुआ था। घायल अंकित को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां बीती रात उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि घटना के समय स्थानीय लोगों ने आरोपी को एक कमरे में बंद कर दिया था, जिससे पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घायल अंकित की मौत के बाद आरोपी पर हत्या की धाराएं बढ़ाई जा रही हैं।



