तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, गंभीर रूप से घायल साथी का अस्पताल में चल रहा इलाज

भोपाल। राजधानी के बैरसिया स्थित बर्री घाटी के पास एक तेज रफ्तार कार के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दो युवकों को गंभीर चोट आई थी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने टक्कर मारने वाले कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बरेला खेड़ा निवासी जितेंद्र ठाकुर खेती किसानी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि यह हादसा शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे यह हादसा हुआ। घायल सोनू शर्मा और रणवीर ठाकुर अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी बर्री घाटी पर सामने से आ रही एक सफेद रंग की कार के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने घायलों को बैरसिया के जनरल अस्पताल पहुंचाया। सोनू शर्मा की हालत गंभीर होने के कारण उसे इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल रैफर किया गया था, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। घायल रणवीर ठाकुर को दाहिने पैर, सिर और सीधे हाथ की दो उंगलियों में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज बैरसिया अस्पताल में चल रहा है।
कार चालक के खिलाफ केस दर्ज
हादसे के दौरान गांव के सरपंच भूपत सिंह ने दुर्घटना करने वाली कार का फोटो खींच लिया था। सरपंच द्वारा भेजे गए फोटो के आधार पर आरोपी के कार का नंबर सामने आया है। पुलिस ने जितेंद्र ठाकुर की रिपोर्ट पर कार चालक के एक्सीडेंट का केस दर्ज किया था। घायल की मौत के बाद आरोपी कार चालक पर धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। इसके साथ ही कार और चालक की तलाश की जा रही है।
इलेक्ट्रिक रिक्शे की टक्कर से युवक की मौत
इधर पिपलानी इलाके में रहने वाले एक युवक की इलेक्ट्रिक रिक्शे की टक्कर से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार हटे सिंह जाधव (38) सौ क्वार्टर पिपलानी में रहते थे और ठेका श्रमिक का काम करते थे। शुक्रवार की देर रात वह भोजन करने के बाद अपनी ही बस्ती के बाहर मेन रोड पर टहल रहे थे, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार इलेक्ट्रिक रिक्शे ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल हटेसिंह को इलाज के लिए जयप्रकाश अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेज दिया है। टक्कर मारने वाले रिक्शा चालक की तलाश की जा रही है।



