युवक ने किराए पर ली महिला की कार हड़पी, शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया केस

भोपाल। अवधपुरी पुलिस ने एक महिला की रिपोर्ट पर युवक के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है।आरोपी ने किराए पर महिला की कार ली थी, लेकिन उसे वापस नहीं किया। परेशान होकर पीड़िता ने थाने जाकर शिकायत कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।जानकारी के अनुसार अवधपुरी निवासी साधना गुप्ता (36) ने महिन्द्रा एक्सयूवी गाड़ी खरीदी थी। वह उस कार को एप की मदद से किराए पर चलाती थी। दीपांशु दास नामक एक ग्राहक उनकी कार अक्सर दो-चार दिन के लिए किराए पर ले जाता था और किराया भी देता था। इससे फरियादिया को दीपांशु पर भरोसा हो गया। उसने साधना को भरोसे में लेकर एक जून की शाम करीब साढ़े चार बजे उनकी कार पांच दिन का बोलकर किराए पर ले जाने की बात कही। साधना ने कार का किराया दो हजार रुपए प्रतिदिन बताया। उसके बाद दीपांशु बोला कि मेरा ड्राइवर कार लेने आ रहा है। महिला ने उसके ड्राइवर को कार की चाबी दे दी। पांच दिन बाद साधना ने दीपांशु को फोन लगाया तो वह बोला कि गाड़ी दो दिन के लिए और किराए पर लगेगी। दो दिन बाद फिर महिला ने फोन करके अपनी कार मांगी तो दीपांशु टालमटोल करने लगा। जब उन्होंने कई बार उसे फोन लगाया तो दीपांशु ने कहा कि आपकी कार नहीं मिलेगी। इसके बाद साधना ने थाने जाकर उसके खिलाफ शिकायत कर दी।



