रिटायर्ड सेना अफसर के हाथ से मोबाइल लूटकर भागे बाइक सवार बदमाश
कई इलाकों के सूने मकानों पर चोरों का धावा, हजारों का सामान ले उड़े

भोपाल। राजधानी के शाहपुरा इलाके में बीती रात बाइक सवार बदमाश एक रिाटयर्ड सेना अफसर के हाथ से कीमती मोबाइल फोन छीनकर भाग निकले। इसी प्रकार कई अन्य इलाकों में स्थित सूने मकानों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी समेत हजारों का सामान चोरी हो गया। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार रामेश्वर प्रसाद दुबे (57) वायुसेना के रिटायर्ड अफसर हैं और आकृति इकोसिटी शाहपुरा में रहते हैं। बीती रात वह कुछ सामान लेने के लिए रोहित नगर स्थित मीराज शोरूम के पास पहुंचे थे। सामान खरीदने के बाद वह उसे अपनी कार में रखने जा रहे थे, तभी पीछे की तरफ से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से कीमती मोबाइल फोन छीन लिया और भाग निकले। घटना के बाद रामेश्वर ने थाने जाकर शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।
गैस सिलेंडर ले उड़े बदमाश
शहर में चल रही रसोई गैस की किल्लत के बीच गैस सिलेंडर चोरी होने लगे हैं। कोहेफिजा क्षेत्र के लालघाटी स्थित शिवनगर से रोबिन जैन के तीन गैस सिलेंडर चोरी हो गई। चोरी गए सिलेंडरों की कीमत 6 हजार रुपये बताई गई है। इसी प्रकार पंचवटी कॉलोनी कोहेफिजा से हेमंत ज्ञानचंदानी के यहां एक गैस सिलेंडर चोरी हो गया। पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इसी इलाके में स्थित जिम सेंटर से बदमाश सीपीयू, रॉड और मशीन चोरी कर ले गए। पुलिस ने अखिलेश श्रीवास की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया है।
जेवरात और नकदी समेत हजारों की चोरी
पिपलानी क्षेत्र के सिद्धार्थ लेकसिटी में रहने वाले रामबाबू शर्मा के घर का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। कोलार क्षेत्र के राजहर्ष कॉलोनी में रहने वाली रुचि सिंह के सूने मकान से चोर जेवरात और नकदी चोरी कर ले गए। कोहेफिजा क्षेत्र में शाहीद नगर निवासी अनिल नामदेव के सूने मकान से जेवरात समेत करीब 50 हजार का सामान चोरी हो गया। इसी प्रकार शाहजहांनाबाद थानांतर्गत ईदगाह हिल्स में रहने वाली शालिनी ताम्रकार के घर से बदमाश करीब बीस हजार रुपये कीमत का घरेलू सामान चोरी कर ले गए। इसी प्रकार शिवनगर फेस वन निशातपुरा निवासी सौरभ नामदेव के घर से जेवरात, कटारा हिल्स थानांतर्गत स्प्रिंग वैली कॉलोनी से चैंबर के ढक्कन चोरी हो गए। पुलिस ने जयहिंद ठाकुर की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



