कार में टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर चालक पर केस दर्ज

भोपाल। ईंटखेड़ी इलाके में कार में टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर चालक के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस हादसे में कार सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था। जानकारी के अनुसार मोतीलाल मेहरा (59) ग्राम काछी बरखेड़ा थाना गुनगा में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि चौबीस मार्च की रात वह घर पर थे, तभी सूचना मिली कि उनके भतीजे हर्ष मेहरा की कार का एक्सीडेंट हो गया है। सूचना के बाद वह रायपुर जोड़ के पास पहुंचे तो पता चला कि उनका भतीजा हर्ष मेहरा, सतीश मेहरा, लक्की कुशवाह और योगेश सेन उर्फ गब्बर कार में फंसे हुए हैं। सभी को कार से बाहर निकालकर इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद तीन युवकों हर्ष, सतीश और लक्की को मृत घोषित कर दिया। मौके पर मौजूद गांव के एक व्यक्ति ने बताया कि हर्ष अपनी कार से भोपाल की तरफ से आ रहा था, तभी रायपुर जोड़ स्थित आर्या वेयर हाउस के पास बैरसिया की तरफ से आ रहे ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक ने सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और ट्रैक्टर टॉली के पहिए निकल गए, जिससे वह पलट गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
तेज रफ्तार ट्रक ने कार में मारी टक्कर
इधर सूखी सेवनिया इलाके में एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार दीनदयाल अहिरवार (33) सागर के रहने वाले हैं। कल शाम करीब पांच बजे वह अपनी कार से बहन और पत्नी के साथ इंदौर से सागर जा रहे थे। सूखी सेवनिया स्थित टोल टैक्स निकलने के बाद विदिशा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने दाहिनी तरफ टक्कर मार दी, जिससे कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने टक्कर मारने वाले ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।



