मध्य प्रदेश

डिजिटल गिरफ्तारी की धमकी और वित्तीय धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़

1 करोड़ 7 लाख से अधिक की संपत्ति जप्त, 20 आरोपी गिरफ्तार

भोपाल/ शिवपुरी– पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सायबर ए. साईं मनोहर के निर्देशानुसार सायबर अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए राज्य साइबर पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा प्रदेश स्तर पर ऑपरेशन मैट्रिक्स चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शिवपुरी पुलिस ने विगत एक सप्ताह में सायबर अपराधियों के विरुद्ध 4 एफआईआर दर्ज कर 20 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही अपराध मे प्रयुक्त 29 मोबाइल, 7 चार पहिया वाहन, एक मोटर सायकल, 1 लाख 20 हजार रुपये नगद, 7 बैंकों की पास बुक, 16 एटीएम कार्ड तथा सिम कार्ड सहित लगभग 1 करोड़ 7 लाख रूपये की संपत्ति जब्त की है। यह कार्यवाही पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन अरविंद कुमार सक्सेना एवं पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांघी के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ के पर्यवेक्षण में गठित 9 टीमों द्वारा की गई। उक्त गिरोह महिलाओं के नाम से फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाकर लोगों से अश्लील चैट करता था, उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर लेता था तथा स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर दुष्कर्म एवं चाइल्ड पोर्नोग्राफी जैसे गंभीर अपराधों में फंसाने की धमकी देकर तथाकथित डिजिटल गिरफ्तारी का भय उत्पन्न कर केस सेटलमेंट के नाम पर अवैध वसूली करता था। कार्रवाई के दौरान क्रेडिट कार्ड से अवैध निकासी, फर्जी लोन स्वीकृति एवं अन्य वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों का भी खुलासा हुआ है। गिरोह द्वारा अलग-अलग ऑनलाइन एप्लीकेशनों का उपयोग कर लोगों को जाल में फंसाया जाता था।।मध्यप्रदेश पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी अनजान व्यक्ति से वीडियो कॉल, अश्लील चैट या निजी जानकारी साझा न करें तथा यदि कोई स्वयं को पुलिस अधिकारी बताकर डिजिटल गिरफ्तारी या आपराधिक प्रकरण में फंसाने की धमकी देता है तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा सायबर हेल्पलाइन पर सूचना दें। प्रदेश में सायबर अपराधों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button