चुनरी यात्रा में हवाई फायर करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास

भोपाल। कोलार इलाके में बीती रात चुनरी यात्रा के दौरान हवाई फायर करने वाले आरोपी की फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। घटना के दौरान आरोपी का डांस के दौरान विवाद हो गया था, जिसके बाद उसने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया था। लोगों ने जब उसे पकडऩे का प्रयास किया तो वह फायर करते हुए भाग निकला। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया। उसकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं। जानकारी के अनुसार हरिओम यादव (18) गरीब नगर कोलार रोड पर रहता है। कल शाम करीब सात बजे वह प्रियंका नगर से निकाली जा रही चुनरी यात्रा में शामिल था। यह यात्रा जब राजकमल स्कूल के पास पहुंची, तभी डीजे पर डांस करते समय राज ठकुरिया उर्फ अक्षय को धक्का लग गया, जिससे वह नाराज हो गया। वह हरिओम के साथ गाली-गलौज करने लगा। हरिओम ने उसे गाली देने से मना किया तो राज ने उस पर छुरी से हमला कर दिया। बचने के लिए हरिओम पीछे हटा तो छुरी उसकी आंख के पास लग गई। हरिओम के दोस्तों और अन्य लोगों ने राज को पकडऩे का प्रयास किया तो वह हवाई फायर करते हुए भाग निकला।
झगड़े के दौरान बच्ची के सिर पर लगी चोट
शाहजहांनाबाद इलाके में रास्ते में हो रहे झगड़े के दौैरान वहां से निकल रही एक बच्ची को सिर में गंभीर चोट लग गई। जानकारी के अनुसार फैजान अहमद (35) एयरपोर्ट रोड कोहेफिजा में रहते हैं और शासकीय नौकरी करते हैं। बीती रात वह अपनी बेटी को लेकर नूरमहल रोड पर रहने वाले रिश्तेदार के घर गए थे। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे वह अपने घर लौट रहे थे। रास्त में कुछ लोग आपस में विवाद कर रहे थे। फैजान वहां से निकलकर आगे पहुंचे तो बेटी ने सिर में दर्द होने की बात कही। जब उन्होंने देखा तो बेटी के सिर से खून निकल रहा था। झगड़े के दौरान कोई चीज लगने से उसे चोट आई थी।
धक्का लगने पर किया छुरी से हमला
इसी इलाके में धक्का लगने से नाराज एक बदमाश ने किशोर पर छुरी से हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार शिवपुरी निवासी सोलह वर्षीय किशोर स्कूली छात्र है। उसके चाचा शाहजहांनाबाद इलाके में रहते हैं। वह अपने चाचा के घर आया हुआ है। बीती रात किशोर अपने चचेरे भाई के साथ घूमने के लिए निकला था। रात करीब नौ बजे सिंधी कालोनी के पास जाते समय एक युवक को उसका धक्का लग गया, जिससे वह नाराज होकर गाली-गलौज करने लगा। किशोर ने जब गाली देने से मना किया तो बदमाश ने चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया।



