जिला बदर समेत गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार, 5 लाख का माल बरामद
माता मंदिर क्षेत्र में हुई चोरी और वाहन चोरी का खुलासा

भोपाल। टीटी नगर थाना पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक ऐसे शातिर गिरोह को दबोचा है जो नकबजनी और वाहन चोरी की वारदातों में लिप्त था। इस कार्रवाई में पुलिस ने 5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पकड़े गए आरोपियों में एक आदतन अपराधी भी शामिल है जिसे पुलिस आयुक्त द्वारा जिला बदर किया गया था, लेकिन वह नियमों का उल्लंघन कर शहर में वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस के अनुसार चोरी की यह वारदात 25 अप्रैल को माता मंदिर स्थित सीआई होम्स के पीछे रहने वाले चेतराम साहू के घर हुई थी। फरियादी अपने भाई के घर गए थे, तभी अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी, टॉप्स, चूडिय़ां और चांदी के कमरबंद व पायल सहित करीब 80 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह दोहरे के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। मुखबिर से सूचना मिली कि माता मंदिर क्षेत्र में हुई चोरी का एक संदेही बाणगंगा दशहरा मैदान के पास खड़ा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर मोहसिन खान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी इमरान खान, सुजीत और एक विधि विरुद्ध बालक के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने मोहसिन की निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
वाहन चोरी का भी हुआ खुलासा
गिरफ्तार आरोपियों से कड़ी पूछताछ के दौरान एक और सफलता मिली। आरोपी इमरान और विधि विरुद्ध बालक ने स्वीकार किया कि उन्होंने सरस्वती नगर से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से उक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। गिरोह का मुख्य सदस्य मोहसिन खान एक शातिर अपराधी है, जिसके विरुद्ध भोपाल के विभिन्न थानों में लगभग दो दर्जन अपराध दर्ज हैं। उसे पुलिस आयुक्त भोपाल द्वारा एक वर्ष के लिए जिला बदर किया गया था। आदेश का उल्लंघन कर भोपाल की सीमा में रहने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर उसके विरुद्ध रासुका के तहत अलग से कार्रवाई की गई है। गिरोह के अन्य सदस्य इमरान और सुजीत भी आदतन अपराधी हैं और उन पर चोरी, मारपीट व आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं।
कुल बरामदगी और पुलिस टीम की सराहना
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 5 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। इस सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहरे उनि राघवेंद्र सिंह सिकरवार, सउनि नितेश काकोडिया, प्रधान आरक्षक रविंद्र पाल, आरक्षक कपिल कौशिक सहित तकनीकी शाखा के शिवशंकर, पुष्पेंद्र भदौरिया और अरविंद जादौन की विशेष भूमिका रही।



