बारह साल से फरार धोखाधड़ी का आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार
थाना निशातपुरा पुलिस ने गुजरात जाकर आरोपी को दबोचा

भोपाल। निशातपुरा पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में बारह साल से फरार चल रहे आरोपी को अहमदाबाद गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी स्टॉकिश गार्डन में चल रहे निर्माण कार्य को अधूरा छोड़कर फरार हो गया था। उसके खिलाफ बारह साल पहले धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया था। जानकारी के अनुसार फरियादी राजेश शांडिल्य ने अप्रैल 2014 को लिखित आवेदन देते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने धोखाधड़ी की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी दीपक कपिला (55), अशोक गोयल (53) और हेमंत खंडेवाल (53) को गिरफ्तार किया था। एक अन्य आरोपी जयप्रकाश मंगतानी अपराध पंजीबद्ध होने के बाद से लगातार फरार था, जिसकी तलाश की जा रही थी। पिछले दिनों मुखबिर की सूचना व तकनीकी आधार पर पुलिस ने अहमदाबाद गुजरात से आरोपी जयप्रकाश मंगतानी (72) निवासी सिग्नेचर अपार्टमेंट, गुल बाई टेकरा अहमदाबाद को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि भोपाल स्थित स्टॉकिश गार्डन में उसका निर्माण कार्य चल रहा था, लेकिन साझेदारों के साथ आपसी विवाद होने के कारण वह निर्माण कार्य पूरा नहीं कर सका। कानूनी उलझन के चलते वह शहर छोड़कर फरार हो गया था।



