महिला के गले से सोने की चैन और सूने मकान से लाखों के आभूषण चोरी
कोलार के दानिश कुंज में बदमाशों का आतंक, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस कई टीमें

भोपाल। राजधानी के कोलार इलाके में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला के गले से बदमाश सोने की चैन छीन ले गया। घटना के समय पीड़िता मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी। इसी इलाके में स्थित एक सूने मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये कीमत के आभूषण चोरी कर ले गए। वारदात के समय मकान मालिक शहर से बाहर गए हुए थे। यह दोनों ही वारदात कोलार के दानिश कुंज इलाके में हुई। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। इसके साथ ही इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार सरिता राजहंस (57) दानिश कुंज कोलार रोड पर रहती हैं और गृहणी हैं। उनके पति बीएसएनएल के रिटायर्ड अफसर हैं, जबकि बेटा शहर के बाहर रहकर नौकरी करता हैं। गुरुवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे सरिता रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। करीब पंद्रह मिनट बाद वह कॉलोनी के एक मकान के सामने पहुंची, तभी एक लड़का पदैल चलते हुए उनके पास पहुंचा और घूरते हुए देखने लगा।सरिता को लड़के पर कुछ शंका हुई तो वह चलते हुए रुक गई। वह कुछ समझ पाती, इसके पहले ही लड़के ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चैन छीन ली और फरार हो गया। सोने की चैन में हीरे का पैंडल लगा हुआ था, जिसे उनके बेटे ने अपनी पहली कमाई से बनवाकर दिया था। सरिता के शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे, लेकिन वह लड़का वहां से भागने में सफल रहा।
सूने मकान से 25 लाख के आभूषण चोरी
इसी इलाके में स्थित एक सूने मकान पर बदमाशों ने धावा बोला और लाखों रुपए कीमत के आभूषण चोरी कर ले गए।बदमाश यहां से कैश और आभूषणों के अलावा अन्य सामान को हाथ भी नहीं लगाया था। जानकारी के अनुसार विजय कुमार राय सनखेड़ी कोलार रोड पर रहते हैं और निजी यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं। उनके फूफाजी अरुण कुमार राय दानिश कुंज कोलार रोड पर रहते हैं और केंद्रीय जांच एजेंसी में उच्च पद पर पदस्थ हैं। पिछले दिनों अरुण कुमार राय परिवार के साथ तीर्थदर्शन के लिए उज्जैन चले गए थे। शुक्रवार सुबह काम वाली महिला घर पहुंची तो उसे ताला टूटा मिला। इसकी जानकारी महिला ने अपने मालिक को दी, जिसके बाद विजय कुमार फूफाजी के घर पहुंचे। उन्होंने देखा तो तीनों कमरों में रखी अलमारियों के सारे लॉक टूटे मिले और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। बदमाशों ने अलमारियों में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी रुपये समेत लिए थे, जबकि घर में रखे लैपटाप समेत अन्य इलेक्ट्रानिक सामान को हाथ भी नहीं लगाया था। प्रारंभिक तौर पर चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 25 लाख रुपए बताई जा रही है। हालांकि सही कीमत और सामान का खुलासा मकान मालिक के लौटने के बाद ही हो पाएगा।
व्यसायी का आईफोन लूटने वालों का सुराग नहीं
इधर अशोका गार्डन इलाके में किराना व्यवसायी का आईफोन लूटने वाले बदमाशों का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। जानकारी के अनुसार पंजाबी बाग अशोका गार्डन में रहने वाले विक्रांत जैन अभिरुचि परिसर में किराने की दुकान चलाते हैं। बुधवार-गुरुवार की रात वह अपने दोस्त के साथ टहलने के लिए निकले थे। रात करीब एक बजे वह पैदल अपने घर लौट रहे थे। पंजाबी बाग स्थित निजी अस्पताल के पास पहुंचने पर पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से आईफोन छीन लिया और भाग निकले। विक्रांत ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन पैदल होने के कारण वह उन्हें पकड़ नहीं पाए। लूटे गए फोन की कीमत सवा लाख रुपये बताई गई है।



