मध्य प्रदेश

प्रतापगढ़ एक्सप्रेस में बुजुर्ग व्यक्ति का लाखों का सामान चोरी

सफर के दौरान कई यात्रियों के जेवरात और मोबाइल ले उड़े बदमाश

भोपाल। प्रतापगढ़ एक्सप्रेस में रायबरेली से भोपाल की यात्रा कर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति का लाखों रुपये कीमत का सामान चोरी हो गया। इसी प्रकार कई अन्य ट्रेनों में सफर के दौरान यात्रियों के जेवरात और मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बदमाश चोरी कर ले गए। जीआरपी ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार शिव बहादुर यादव (70) रातीबड़ भोपाल में रहते हैं। पिछले दिनों वह अपनी पत्नी के साथ प्रतापगढ़ एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में रायबरेली से भोपाल की यात्रा कर रहे थे। उन्होंने अपना बैग और सामान सीट के नीचे रखे था। लखनऊ आने से पहले दंपति अपनी-अपनी सीट पर सो गए थे। भोपाल पहुंचने से कुछ समय पहले नींद खुली तो सीट के नीचे रखा उनका बैग चोरी हो चुका था। चोरी गए बैग में सोने की झुमकी, सोने के कान के टाप्स, सोने की मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी और कपड़े समेत करीब 1 लाख 65 हजार का सामान रखा हुआ था।इसी प्रकार बीमाकंज कोलार रोड निवासी रानी समदेले (41) इंटरसिटी एक्सप्रेस में गाडरवारा से रानी कमलापति की यात्रा कर रही थी। इस दौरान उन्होंने अपना लेडीज पर्स साईड वाली बर्थ पर रखा था। सफर के दौरान उन्हें झपकी लग गई, तभी किसी ने पर्स चोरी कर लिया। चोरी गए पर्स के अंदर 7 हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, समेत करीब 22 हजार का सामान रखा हुआ था।

लाखों रुपये कीमत के मोबाइल फोन चोरी

शंकराचार्य नगर बजरिया निवासी नीलेश सोमनाथ एक्सप्रेस के जनरल कोच में भोपाल से इटारसी का सफर कर रहा था। भोपाल स्टेशन पर ट्रेन में चढऩे के बाद देखा तो लोवर की जेब में रखा उसका मोबाइल फोन गायब था।चोरी गए मोबाइल की कीमत 22 हजार रुपये बताई गई है। इसी प्रकार कपूरथला पंजाब निवासी राजकुमार ठाकुर (33) बिलासपुर एक्सप्रेस के एसी कोच में कटनी से भोपाल की यात्रा कर रहे थे। स्टेशन पर ट्रेन से उतरने के बाद उन्होंने देखा तो पैंट की जेब में रखा मोबाइल फोन चोरी हो चुका था।चोरी गए मोबाइल की कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है। इधर बांदा उत्तर प्रदेश निवासी रजत शुक्ला (29) प्रयागराज एक्सप्रेस के जनरल कोच में उज्जैन से बांदा का सफर कर रहे थे। सांची रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने पर पता चला कि पैंट की जेब में रखा उनका मोबाइल फोन चोरी हो चुका है। चोरी गए मोबाइल की कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है।

खिड़की से हाथ डालकर छीना पर्स

छत्तीसगढ़ निवासी भुवनेश्वर प्रसाद केवट पिछले दिनों अपनी पत्नी के साथ जम्मूतवी जबलपुर एक्सप्रेस में जम्मूतवी से बीना की यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान मोहासा के पास ट्रेन खड़ी हो गई थी। इसी दौरान एक बदमाश ने खिड़की से हाथ डालकर उनकी पत्नी का लेडीज पर्स छीन लिया और फरार हो गया। लूटे गए पर्स में 30 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक समेत अन्य सामान रखा हुआ था। इसी प्रकार खजूरी रोड पिपलानी निवासी दयाराम सुनहरे (63) पंजाब मेल एक्सप्रेस में विदिशा से भोपाल की यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान उनके पैंट की जेब में रखा एक मोबाइल फोन चोरी हो गया। चोरी गए मोबाइल की कीमत आठ हजार रुपये बताई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button