आईएसबीटी पर कारों के कांच तोड़कर हजारों का सामान चोरी

भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा स्थित आईएसबीटी पर खड़ी दो कारों के कांच तोड़कर चोर हजारों रुपये की नकदी और दस्तावेज समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। ईलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार आईएसबीटी स्थित एक निजी बैंक में नौकरी करने वाली रोजलीना पन्ना ने अपनी कार बैंक के पास ही सडक़ किनारे खड़ी की थी। शुक्रवार की शाम को ड्यूटी खत्म होने के बाद वह घर जाने के लिए कार के पास पहुंचीं तो देखा कि कार का कांच टूटा हुआ है। अंदर चैक करने पर कार में रखे हुए दस्तावेज और 50 हजार रुपए नगदी गायब थे। इसके बाद उन्होंने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। करीब आधे घंटे के भीतर इसी तरह की एक और वारदात हुई। जानकारी के अनुसार रातीबड़ स्थित निजी कॉलेज में बतौर प्रोफेसर काम करने वाले डॉक्टर दरपन गोयल एक परिचित से मिलने के लिए आईएसबीटी स्थित होटल पहुंंचे थे। वह अपनी कार होटल के पास पार्किंग में खड़ा करके अंदर चले गए। करीब आधे घंटे बाद वापस आए तो उन्हें कार की खिड़की का कांच टूटा मिला। अज्ञात व्यक्ति ने कार का कांच तोड़ा तथा पीछे की सीट पर रखी हुई थैरेपी मशीन लेकर चंपत हो गया था। मशीन की कीमत करीब 18 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने दोनों ही मामलों में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



