डकैती की योजना बना रहे आधा दर्जन बदमाश गिरफ्तार,हथियार बरामद
गोविंदपुरा सिक्योरिटी लाइन के पास घेराबंदी कर दबोचे गए अपराधी

भोपाल। राजधानी के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भेल के खंडहरनुमा मकानों में अपराध की योजना बना रहे बदमाशों के विरुद्ध पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। सिक्योरिटी लाइन के पास एक खंडहर में डकैती की साजिश रचते हुए पुलिस ने आधा दर्जन बदमाशों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। हाल ही में दो युवकों के साथ हुई चाकूबाजी और लूटपाट की घटना के बाद पुलिस इन क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रही थी, जिसके चलते यह सफलता हाथ लगी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की देर रात पुलिस की एक विशेष टीम भेल के खंडहरनुमा मकानों के आसपास सघन गश्त कर रही थी। इसी दौरान सिक्योरिटी लाइन के पास बने एक जर्जर मकान में कुछ संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए मकान की घेराबंदी की और वहां छिपे आधा दर्जन युवकों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नागू नरवाड़े, मोहम्मद इकबाल, संजय प्रजापति, इरशाद, अरहान और एविलराज के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से डकैती की वारदात को अंजाम देने के लिए रखे गए धारदार हथियार भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे एक साथ बैठकर बड़ी डकैती डालने की योजना बना रहे थे। पुलिस का कहना है कि हालांकि पिछले दिनों हुई लूटपाट के आरोपी अभी फरार हैं, लेकिन इस गिरोह की गिरफ्तारी से क्षेत्र में होने वाली एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई है। पुलिस अब इन बदमाशों के पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि इनके अन्य साथियों का भी पता लगाया जा सके।



