मध्यप्रदेश पुलिस ने 2 सप्ताह में खोजे 74 लाख के 491 गुम हुए मोबाइल
सीईआईआर पोर्टल और सायबर सेल की मदद से मालिकों को लौटाए फोन

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में आमजन की संपत्ति की सुरक्षा और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। आधुनिक तकनीक, सायबर विश्लेषण और सीईआईआर पोर्टल के प्रभावी उपयोग से पुलिस ने पिछले दो सप्ताह के भीतर 491 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 74 लाख रुपये से अधिक है। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बरामद किए गए इन स्मार्टफोन्स को उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया है, जिन्होंने अपनी खोई हुई संपत्ति वापस मिलने पर पुलिस का आभार व्यक्त किया है। इस अभियान के दौरान मुरैना जिले की सायबर सेल और स्थानीय पुलिस टीम ने सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 211 गुमशुदा मोबाइल फोन ट्रेस किए, जिनकी कीमत करीब 31 लाख रुपये है। वहीं बैतूल पुलिस ने भी सायबर सेल के संयुक्त प्रयासों से देश के विभिन्न राज्यों और मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों से 100 मोबाइल फोन खोज निकाले, जिनकी कीमत लगभग 9 लाख रुपये आंकी गई है। इन फोन्स में सैमसंग, वीवो, ओप्पो और वनप्लस जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों के महंगे हैंडसेट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त रतलाम जिले के आलोट थाना पुलिस ने भी सक्रियता दिखाते हुए करीब 4 लाख रुपये मूल्य के 21 मोबाइल फोन बरामद कर मालिकों के सुपुर्द किए।
जबलपुर में बरामद हुए लाखों के मोबाइल
जबलपुर जिले में पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से 148 गुमशुदा मोबाइल फोन खोजे, जिनकी कीमत 25 लाख रुपये है। इसी तरह जीआरपी जबलपुर ने भी रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 लाख 11 हजार रुपये के महंगे मोबाइल जब्त किए हैं। राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र में भी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली, जहाँ मोबाइल लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 5 आईफोन सहित अन्य मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी कुल कीमत 4 लाख 70 हजार रुपये है।
सिटीजन पोर्टल पर करें शिकायत
इन समस्त कार्यवाहियों में ऑनलाइन शिकायत प्रणाली और तकनीकी जांच की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पुलिस का कहना है कि सीईआईआर पोर्टल और सिटीजन कॉप एप के माध्यम से आमजन अब घर बैठे शिकायत दर्ज कर पा रहे हैं, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो रही है। मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल आधिकारिक पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज करें ताकि सायबर सेल समय रहते प्रभावी ढंग से कार्रवाई कर सके।



