पैदल जा रही युवती का डेढ़ लाख का आईफोन छीनकर भागे बदमाश, शहर में नहीं थम रही चोरी और झपटमारी की घटनाएं

भोपाल। राजधानी के पिपलानी इलाके में पैदल जा रही एक युवती के हाथ से बाइक सवार बदमाश डेढ़ लाख रुपये कीमत का आईफोन छीनकर भाग निकले। इधर कई सूने मकानों के ताले तोड़कर चोर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर लिया है, लेकिन एक भी वारदात का खुलासा नहीं हो पाया है। जानकारी के अनुसार अयोध्या नगर निवासी कृतिका वाणी इंद्रपुरी इलाके में कोचिंग सेंटर चलाती हैं। बीती तीन जून की रात करीब पौने नौ बजे वह कल्पना नगर पिपलानी के पास पैदल जा रही थी, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से आईफोन छीन लिया और भाग निकले। लूटे गए मोबाइल की कीमत 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। पिपलानी पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। घटनास्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसी थानांतर्गत अशोक विहार कॉलोनी स्थित शीतलदास की दुकान का ताला तोड़कर चोर पच्चीस हजार रुपये चोरी कर ले गए। इधर अरेरा हिल्स स्थित विधायक विश्राम गृह स्थित एक कमरे से लैपटाप और घड़ी समेत करीब 25 हजार का सामान चोरी हो गया। पुलिस ने रामनंद पटेल की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अवधपुरी थानांतर्गत श्रीराम परिसर में रहने वाले आकाश श्रीवास्तव के मकान का ताला तोड़कर चोर 10 हजार रुपये, जेवरात और साडिय़ां समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। इसी प्रकार मिसरोद थानांतर्गत ग्राम सलैया कैलाश राजपूत की पान मसाले की दुकान का ताला तोड़कर चोर गुटखा पाउच समेत करीब 15 हजार का सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



