राज्य

छठ पर्व को लेकर पटना सिटी के बाजारों में रौनक, सूप-दउरा और बांस की टोकरी की बढ़ी मांग

पटना 
लोक आस्था का पर्व छठ शुक्रवार को संकल्प व्रत से आरंभ हो जायेगा। इसको लेकर मौसमी कारोबारियों की ओर से प्रमुख चौक-चौराहों पर दुकानों को सजाया गया है। छठ पर्व को लेकर सजे बाजार में बांस निर्मित सूप-दउरा की खरीदारी शुरू हो गई है। 

बाजार में सूप, छांटी टोकरी, डगरा व दउरा मंगाई गई है। खाजेकलां मंडी के कारोबारी श्री श्याम बाबू व टिंवकल गुप्ता ने बताया कि सूप की खेप पूर्णिया, मधुपुर व साहिबगंज से मंगाई जाती है। टोकरी की खेप छपरा, दिघवारा व नया गांव से मंगाई जाती है। डगरा शीतलपुर से मंगाया जाता है। बांस निर्मित पंखा भी शीतलपुर व पटना के विभिन्न क्षेत्रों से आता है। 

कारोबारियों ने बताया कि संकल्प व्रत नहाय-खाय के दिन से सूप, दउरा, डगरा व छांटी टोकरी की खरीदारी अधिक होगी। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर सजे बाजार में छठ के नियमित उपयोग में आने वाली सामग्री धीरे-धीरे सज रही है।

पीतल सूप की मांग बढ़ी
छठ पर्व को लेकर व्रतियों के लिए बाजार में पीतल का भी सूप उपलब्ध है। पीतल सूप खरीदने के बाद भी बाजार में नया सूप उपयोग को लेकर बांस की कमाची से तैयार सूप की खरीदारी होती है। 

खाजेकलां में पीतल सूप व बर्तन के कारोबार से जुड़े कारोबारी दिलीप कुमार कसेरा, राहुल व सादिकपुर के राजू कुमार ने बताया कि पीतल सूप वजन के हिसाब से बिकता है। बाजार में पीतल 800 से 1600 रुपये प्रति किलो की दर पर बिक रहा है।

कारोबारियों की मानें तो ज्यादातर पीतल-कांसा के बर्तन यूपी के मिर्जापुर, परेव, जगादरी व मुरादाबाद से आता है। बाजार में वजन के अनुकूल पीतल-कांसा के बर्तनबाजार में वजन के अनुकूल पीतल-कांसा के बर्तन उपलब्ध है।

कीमतों पर एक नजर
    सूप : 85 से 125 रुपये प्रति पीस
    दउरा : 175 से 350 रुपये प्रति पीस
    टोकरी : 150 से 250 रुपये प्रति पीस
    दउरा डबल बुनाई: 300 से 600 रुपये प्रति पीस
    पीतल सूप : 800 से 1600 रुपये प्रति पीस
    टोपिया: 1000 से 1800 रुपये प्रति पीस
    गगरा: 900 से 1700 रुपये प्रति पीस
    थाली: 900 से 1200 रुपये प्रति पीस

छठ पर्व में आम की लकड़ी व मिट्टी चूल्हा की बढ़ी मांग
छठ को लेकर सजे बाजार में खरना का प्रसाद व अर्ध्य के लिए ठेकुआ बनाने को आम की लकड़ी व मिट्टी के चूल्हा की मांग बढ़ गई है। मौसमी कारोबारियों की ओर से चौक-चौराहों पर सजाई गयी दुकानों में खरीदार आम की लकड़ी व मिट्टी चूल्हा को खरीद रहे हैं। 

काराबोरियों ने बताया कि आम की लकड़ी 120 से 150 रुपये के बीच प्रति पांच किलो की दर पर खाजेकलां मंडी में बिक रही है। मिट्टी चूल्हा 150 से 250 रुपये प्रति पीस बिक रहा है। आम की लकड़ी वैशाली, सारण व उत्तर बिहार के प्रमुख जिलों से पटना की मंडियों में आती है। 

मिट्टी चूल्हा की तरह लोहे की चादर से बना चूल्हा भी बाजार में उपलब्ध है। यह चूल्हा 700 से 1400 रुपये के बीच प्रति पीस की दर पर उपलब्ध है। इसकी भी खरीदारी व्रतियों की ओर से की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button