सड़क हादसे में घायल लोगों को समय पर पहुंचाया अस्पताल

भोपाल। रतलाम जिले के थाना रिंगनोद क्षेत्र में पुलिस जवानों की त्वरित प्रतिक्रिया और संवेदनशील कार्यवाही से सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल तीन व्यक्तियों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाया गया। समय पर मिली सहायता से घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकी। जानकारी के अनुसार राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना रिंगनोद क्षेत्र अंतर्गत बिनोली फंटा रोड पर दो मोटर साइकिलों की आमने-सामने से टक्कर हो गई है, जिसमें तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तत्काल पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही रिंगनोद थाना क्षेत्र में तैनात एफआरव्ही वाहन को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। डायल 112 स्टॉफ आरक्षक चंद्रपाल सिंह एवं पायलट मंगलेश्वर सूर्यवंशी ने मौके पर पहुँचकर पाया कि मोटरसाइकिल दुर्घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जवानों ने बिना समय गंवाए सभी घायलों को एफआरव्ही वाहन की सहायता से तत्काल शासकीय अस्पताल जावरा पहुंचाया। जवानों की तत्परता से घायलों को समय पर उपचार मिल सका। पुलिस की आपातकालीन सेवा हर आपात परिस्थिति में त्वरित सहायता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना के साथ आमजन के लिए सदैव सक्रिय और प्रतिबद्ध है।



