पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने कबीटपुरा में किया जनसंवाद
टीला जमालपुरा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

भोपाल। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने थाना टीलाजमालपुरा के अंतर्गत कबीटपुरा क्षेत्र में जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से सीधे रूबरू होकर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं। कमिश्नर ने क्षेत्र में घटते अपराध ग्राफ और पुलिस की सक्रियता पर प्रसन्नता व्यक्त की।जनसंवाद के दौरान पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य भयमुक्त वातावरण तैयार करना है। उन्होंने उल्लेख किया कि टीला जमालपुरा थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय के पदभार ग्रहण करने के बाद से क्षेत्र की कानून व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव नजर आए हैं। नागरिकों ने भी इस बात की पुष्टि की कि कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में चोरी तथा लूट जैसी वारदातों में प्रभावी रूप से कमी आई है। कमिश्नर ने बताया कि क्षेत्रीय पुलिस की मुस्तैदी और प्रभावी गश्त के कारण अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं। पूर्व में होने वाली छोटी-बड़ी आपराधिक घटनाओं पर अब पूरी तरह अंकुश लग गया है। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि पुलिस की यह सक्रियता निरंतर बनी रहेगी और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
नागरिकों से सहयोग की अपील
संजय कुमार ने जनसंवाद में उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र की सुरक्षा में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर दें। उन्होंने कहा कि जब जनता और पुलिस मिलकर काम करते हैं, तभी एक सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। कार्यक्रम के अंत में नागरिकों ने टीला जमालपुरा पुलिस की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



