पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सुनी कोतवाली क्षेत्र की समस्याएं, मादक पदार्थ और अवैध हथियारों की जानकारी देने की अपील

भोपाल। राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जनता के बीच पुलिस की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने थाना कोतवाली क्षेत्र के इमामी गेट पर नागरिकों से जनसंवाद किया। इस दौरान सीपी ने स्थानीय निवासियों और व्यापारियों की समस्याओं को विस्तार से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसंवाद के दौरान नागरिकों ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को पुलिस के सामने रखा। मुख्य रूप से दुकानों के सामने अवैध पार्किंग, सड़कों पर ठेलों के जमावड़े और ऑटो चालकों द्वारा बीच सड़क पर वाहन खड़े करने से लगने वाले जाम की समस्या प्रमुखता से उठाई गई। हमीदिया अस्पताल के सामने रॉन्ग साइड एंट्री से होने वाले दुर्घटना के खतरों पर चिंता जताई गई। शाम और रात के समय गलियों में नशेडिय़ों के जमा होने और कलारी (शराब दुकान) के आसपास देर रात तक सार्वजनिक रूप से शराब, गांजा और सिगरेट के सेवन की शिकायतें बताई गई। कुछ दुकानों का देर रात तक खुला रहना और नॉनवेज दुकानदारों द्वारा सड़क पर स्टॉल लगाकर मार्ग बाधित करने के मामलों पर भी ध्यान आकर्षित कराया गया।
त्वरित कार्यवाही के निर्देश और शपथ
पुलिस कमिश्नर ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समस्याओं पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जाए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को ट्रैफिक नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई और सायबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया गया। सीपी संजय कुमार ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी अवैधानिक गतिविधि को देखते ही तुरंत डायल 112 पर कॉल करें। उन्होंने विशेष रूप से मादक पदार्थों और अवैध हथियारों के व्यापार से संबंधित जानकारी पुलिस के साथ साझा करने का आग्रह किया। सीपी ने भरोसा दिलाया कि जानकारी देने वाले व्यक्ति का नाम पूर्णत: गोपनीय रखा जाएगा।



