मध्य प्रदेश

कजलीखेड़ा में अवैध गैस रिफिलिंग सेंटर पर पुलिस का छापा

एक आरोपी गिरफ्तार, घरेलू सिलेंडर और उपकरण जब्त

भोपाल। कजलीखेड़ा थाना पुलिस ने अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने वाले एक सेंटर पर दबिश देकर बड़ी कार्यवाही की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से घरेलू गैस सिलेंडर, छोटे सिलेंडर और रिफिलिंग में प्रयुक्त होने वाली सामग्री बरामद की है। यह कार्यवाही क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए डीसीपी मयूर खंडेलवाल के मार्गदर्शन में की गई। जानकारी के अनुसार बीट भ्रमण के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कजलीखेड़ा मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से गैस भरने का काम किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक पल्लवी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर घेराबंदी की। पुलिस ने देखा कि दुकान के अंदर एक व्यक्ति बड़े घरेलू सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस रिफिल कर रहा था। पुलिस ने मौके से लखन नायक निवासी कजलीखेड़ा को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से भारत गैस कंपनी का एक लाल रंग का घरेलू सिलेंडर (जिसमें करीब 3 किलो गैस शेष थी), एक खाली छोटा सिलेंडर और रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला पीतल का नोजल बरामद हुआ। जब आरोपी से इस कार्य से संबंधित वैधता प्रमाण पत्र मांगा गया, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से समस्त सामग्री जप्त कर ली है। आरोपी लखन नायक के विरुद्ध धारा 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। मामला जमानती होने के कारण आरोपी को धारा 35(3) के तहत सूचना पत्र देकर न्यायालय में उपस्थित होने हेतु पाबंद किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button