मध्य प्रदेश

टीटी नगर में हथियार लेकर घूम रहा स्कूटर सवार बदमाश गिरफ्तार

भोपाल। टीटी नगर थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए एक शातिर बदमाश को अवैध लोहे की छूरी के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी मोपेड की डिग्गी में हथियार छिपाकर किसी वारदात की फिराक में घूम रहा था। जानकारी के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाडली लक्ष्मी वाटिका के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गौरव सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर मोपेड के पास खड़ा युवक भागने लगा, जिसे पुलिस टीम और राहगीरों की मदद से घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गए युवक ने अपना नाम लक्की सेन निवासी ज्योतिबाफुले नगर हबीबगंज बताया। जब पुलिस ने उसके वाहन की तलाशी ली, तो स्कूटर की डिग्गी से एक लोहे की छुरी बरामद हुई। हथियार रखने के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस ने वाहन और छुरी को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी लक्की सेन आदतन अपराधी है। उस पर पूर्व में भी थाना टीटी नगर और हबीबगंज में मारपीट, गाली-गलौज और अवैध हथियार रखने जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button