सवा लाख रुपए के अवैध डोडाचूरा के साथ रायसेन के तस्कर गिरफ्तार
मिसरोद पुलिस ने आकृति एक्वा सिटी के पास से आरोपियों को दबोचा

भोपाल। राजधानी भोपाल में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन, बिक्री और नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मिसरोद थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।पुलिस टीम ने आकृति एक्वा सिटी के पास घेराबंदी करते हुए रायसेन जिले के रहने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक लाख 25 हजार रुपए आंकी गई है। जानकारी के अनुसार मिसरोद थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए एक गोपनीय सूचना प्राप्त हुई। मुखबिर ने बताया कि आकृति एक्वा सिटी के पास दो लड़के अपने पास बड़े-बड़े बैग में अवैध मादक पदार्थ डोडा चूरा रखकर कहीं बाहर जाने या उसे खपाने की फिराक में खड़े हैं। मुखबिर ने दोनों संदिग्धों का हुलिया भी पुलिस को बताया, जिसमें से एक ने बड़ी दाढ़ी-मूंछें रखे था और काली-सफेद छींटदार हाफ शर्ट पहनी थी, जबकि दूसरा मटमैले रंग की हाफ टी-शर्ट पहने हुए था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रतन सिंह परिहार के नेतृत्व में तत्काल पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन स्टाफ और गवाहों की मदद से चारों तरफ से घेराबंदी कर दोनों को धरदबोचा गया।
26 किलोग्राम से ज्यादा मिला डोडाचूरा
पकड़े गए आरोपियों के नाम मोहित कीर और आर्यन कीर बताए गए हैं। दोनों सुल्तानपुर, जिला रायसेन के रहने वाले हैं। पुलिस ने जब दोनों के पास मिले बैग की तलाशी ली तो उसके अंदर 26 किलोग्राम से ज्यादा डोडाचूरा रखा मिला। पुलिस ने उक्त मशरूका विधिवत जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना मिसरोद में एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों से यह पता लगा रही है कि वे यह नशा कहां से लाए थे और भोपाल में किसे सप्लाई करने वाले थे।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी निरीक्षक रतन सिंह परिहार, उपनिरीक्षक राजकुमार गुप्ता, प्रेमचन्द्र द्विवेदी, प्रधान आरक्षक रवि चौरसिया, बद्री प्रसाद दांगी, रंजीत सिंह परिहार, नीरज चौबे, आरक्षक रजनीश कुमार, विवेक सिंह राजपूत, दीपक गुर्जर, नीतेश सोनी, प्रवीण यादव, दीपक आचार्य, राजेश जौदान, हरिओम वर्मा और आरक्षक जीतेन्द्र लोधी की सराहनीय भूमिका रही है।



