होटल में ठहरी स्टाफ नर्स ने पति पर किया ब्लेड से हमला
खाना खाने की बात को लेकर हुआ था विवाद, पति की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस

भोपाल। राजधानी के पिपलानी इलाके में स्थित एक होटल में ठहरी स्टाफ नर्स ने अपने पति पर ब्लेड और कांच की बोतल से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पति को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दंपति ने करीब एक साल पहले सीहोर स्थित एक मंदिर में शादी की थी। जानकारी के अनुसार गोपाल नगर पिपलानी में रहने वाला तीस वर्षीय युवक पुणे की मल्टीनेशनल कंपनी में नौकरी करता है। पिछले साल उसने मई के महीने में सीहोर स्थित एक मंदिर में शाजापुर की रहने वाली युवती के साथ शादी की थी। युवती शाजापुर के एक अस्पताल में स्टाफ नर्स है। शनिवार को वह पति से मिलने के लिए भोपाल आई थी। पति ने उसे पिपलानी स्थित एक होटल में टहराया था। रात को पति घर से भोजन और दवाइयां खाने के बाद पत्नी से मिलने के लिए होटल पहुंचा था। पत्नी ने खाना ऑर्डर किया तो पति ने उसे बताया कि वह भोजन करके आया है, इसलिए केवल अपने लिए ही खाने का ऑर्डर करे। इसको लेकर पत्नी नाराज हो गयी और रात भर पति के साथ विवाद करती रही। सुबह करीब छह बजे पति की नींद लग गई। करीब एक घंटे बाद उसकी नींद खुली तो पता चला कि पत्नी उसके सीने पर बैठी हुई है। पति ने घबराकर उठने का प्रयास किया तो पत्नी ने ब्लेड से उसके हाथ और पेट पर हमला कर दिया। वह बचने के लिए बाथरूम की तरफ भागा तो पत्नी ने कांच की एक बोतल से उसके सिर हमला कर दिया, जिससे पति लहूलुहान हो गया। जान बचाने के लिए वह पास के निजी अस्पताल पहुंचा, जहां उसका इलाज चल रहा है। अस्पताल से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची पिपलानी पुलिस ने पति की रिपोर्ट पर पत्नी के खिलाफ हमले का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



