बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर के सूने मकान में चोरी, परिवार के साथ रीवा गए थे फरियादी
पिपलानी और कमला नगर में चोरी की अलग–अलग वारदातें।

भोपाल। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र के बिजली नगर कॉलोनी में एक सनसनीखेज चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर के सूने मकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी शिशुपाल सिंह (39) बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं और उन्हें विभाग की ओर से बिजली नगर कॉलोनी में शासकीय आवास मिला हुआ है। उनकी पत्नी और बच्चे मार्च महीने में अपने गृहनगर रीवा चले गए थे। शिशुपाल सिंह भी पिछले दिनों मकान में ताला लगाकर अपने परिवार को लेने रीवा गए थे। गत दिवस अपने परिवार सहित वापस भोपाल लौटे, तो उन्होंने देखा कि बाउंड्री के छोटे गेट का ताला तो लगा था, लेकिन मकान के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ पड़ा था। अंदर जाकर देखने पर कमरे का सारा सामान बिखरा हुआ था, अलमारी खुली थी और दीवान में रखे कपड़े अस्त-व्यस्त पड़े थे। चैक करने पर अलमारी में रखी सोने की चेन, सोने की मंचली, चांदी की पायलें और करीब 30 हजार रुपए नगद गायब थे। चोरों ने घर से कुछ दूरी पर ट्रॉली और कुछ कपड़े भी फेंक दिए थे। शिशुपाल सिंह की शिकायत पर अशोका गार्डन पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध चोरी का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और इलाके के संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का अंदेशा है कि चोरों ने पहले रैकी की थी और उन्हें पता था कि परिवार घर से बाहर गया हुआ है।
मंदिर की दानपेटियों से हजारों रुपये चोरी
पिपलानी थानांतर्गत आनंद नगर स्थित दो मंदिर पर चोरों ने धावा बोला और दानपेटियों का ताला तोड़कर हजारों रुपये चोरी कर ले गए। जानकारी के अनुसार आनंद नगर स्थित दुर्गा मंदिर का ताला तोड़कर चोर दानपेटी में रखे करीब दस हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। पुलिस ने राजेश ठाकुर की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसी प्रकार गुप्ता कॉलोनी आनंद नगर स्थित राम मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर चोर करीब पच्चीस हजार रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस ने इस मामले में विशाल शर्मा की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इसी प्रकार कमला नगर थानांतर्गत शबरी नगर में रहने वाले ईश्वर प्रसाद यादव के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर गैस सिलेंडर, कम्प्यूटर, स्पीकर, मोबाइल फोन, बर्तन समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



