स्व. नारायण सिंह कुशवाहा की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा, रक्तदान शिविर एवं सीपीआर प्रशिक्षण सत्र का आयोजन
बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने किया रक्तदान

भोपाल। वरिष्ठ समाजसेवी स्वर्गीय नारायण सिंह कुशवाहा की पुण्यतिथि के अवसर पर डिजिटल कुशवाहास द्वारा भोपाल एकेडमी स्कूल परिसर, नवीन नगर, भोपाल में श्रद्धांजलि सभा, रक्तदान शिविर एवं सीपीआर प्रशिक्षण सत्र का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्व. नारायण सिंह कुशवाहा के शिक्षा, समाज सेवा एवं मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाना तथा समाज में सेवा और जागरूकता की भावना को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम में भोपाल की महापौर श्रीमती मालती राय, डिप्टी कलेक्टर मुकुल गुप्ता, लोकमन कुशवाहा (डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन, लायंस क्लब इंटरनेशनल), एडवोकेट सचिन के. वर्मा (एडवोकेट हाईकोर्ट एवं राष्ट्रीय महासचिव, अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा) तथा डॉ. सुतेश कुमार शाक्य (उप सचिव, मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग) सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता कर स्व. नारायण सिंह कुशवाहा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर में समाज के युवाओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रक्तदाताओं के स्वास्थ्य परीक्षण के उपरांत सफलतापूर्वक रक्तदान कराया गया। शिविर में रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाता साथियों को डिजिटल कुशवाहास की ओर से प्रशंसा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। प्रत्येक प्रमाण-पत्र में रक्तदान के दौरान लिया गया उनका व्यक्तिगत छायाचित्र सम्मिलित कर इसे एक विशेष स्मृति के रूप में भेंट किया गया। इसके अतिरिक्त सभी रक्तदाताओं को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश के साथ औषधीय पौधे भेंट किए गए। कार्यक्रम के दौरान आयोजित सीपीआर प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने की महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। उपस्थित अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।डिजिटल कुशवाहास के संस्थापक एवं अध्यक्ष विक्रम सिंह कुशवाहा ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. नारायण सिंह कुशवाहा की स्मृति में आयोजित यह सेवा अभियान आने वाले वर्षों में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि रक्तदान, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाना ही डिजिटल कुशवाहास का उद्देश्य है। कार्यक्रम को सफल बनाने में डिजिटल कुशवाहास की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों ने व्यवस्थाओं के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त किया गया। रक्तदान शिविर में लगभग 75 लोगों ने रक्तदान किया, जिसमें महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।



