मध्य प्रदेश

सड़क क्रॉस कर रहे पैदल व्यक्ति को ट्रक चालक ने मारी टक्कर

भोपाल। मिसरोद थाना क्षेत्र अंतर्गत समरधा कलारी के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सड़क पार कर रहे व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में घायल व्यक्ति के पैर पर ट्रक का पहिया चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। ट्रक चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया, जिसे पुलिस तलाश रही है। जानकारी के अनुसार फरियादी सत्यम ठाकुर फूड डिलीवरी का काम करता है। उसने पुलिस को बताया कि रात करीब पौने बारह बजे वह अपने मामा के घर से मंडीदीप जा रहा था। जैसे ही वह समरधा कलारी के पास पहुंचा, उसने देखा कि एक व्यक्ति सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक ट्रक के चालक ने सड़क क्रॉस कर रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह व्यक्ति नीचे गिर गया और ट्रक का पहिया उसके पैर को कुचलते हुए निकल गया। सत्यम ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। सत्यम खुद घायल व्यक्ति के साथ पुलिस वाहन में बैठकर उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गया और वहां उसे भर्ती कराया। अस्पताल में घायल ने अपना नाम बिजेंद्र बताया है, जिसका वर्तमान में उपचार जारी है। मिसरोद पुलिस ने ट्रक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के विरुद्ध तेजी और लापरवाही से वाहन चलाकर दुर्घटना करने की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button