सफर के दौरान दो युवकों की जेब से कीमती मोबाइल चोरी
पार्किंग कर्मचारी के पंजे पर चढ़ाई गाड़ी, मामला दर्ज

भोपाल। ट्रेनों में सफर के दौरान दो युवकों की जेब से कीमती मोबाइल फोन चोरी हो गए। जीआरपी ने दोनों ही मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार भोपाल निवासी अंकित सेन पिछले दिनों अपने परिवार के साथ रीवांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच में रीवा से रानी कमलापति की यात्रा कर रहा था। उसने अपना मोबाइल फोन पैंट की जेब में रखकर ऊपर वाली सीट पर जाकर सो गया। भोपाल रेलवे स्टेशन पर उसकी नींद खुली तो जेब में रखा मोबाइल फोन चोरी हो चुका था। चोरी गए मोबाइल की कीमत 36 हजार रुपये बताई गई है। चोरी गए मोबाइल के कवर के अंदर यात्रा टिकट भी रखा हुआ था। इसी प्रकार गुना निवासी रोहित जाटव भोपाल से गुना जाने के लिए बीना स्टेशन पर उतरा था। उस वक्त ट्रेन नहीं होने के कारण वह प्लेटफार्म क्रमांक चार पर जाकर सो गया। जब उसकी नींद खुली तो पैंट की जेब में रखा मोबाइल फोन चोरी हो चुका था। चोरी गए मोबाइल की कीमत 31 हजार रुपये बताई गई है।
पार्किंग कर्मचारी के पंजे पर चढ़ाई गाड़ी
भोपाल स्टेशन की पार्किंग पर काम करने वाले एक कर्मचारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ पंजे पर गाड़ी चढ़ाने और बदसलूकी करने का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार अयूब खान स्टेशन के बाहर बनी पार्किंग पर काम करता है। वह स्टेशन से बाहर जाने वाले वाहनों से पर्ची लेने का काम करता है। रात करीब एक बजे एक कार तेजी से बाहर निकल रही थी। अयूब ने पर्ची के लिए उसे रोका तो चालक ने उसके पंजे पर टायर चढ़ा दिया। अयूब ने जब इसका विरोध किया तो चालक और उसके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए मारने की धमकी दी। जीआरपी ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



