ओवरटेक के विवाद पर कार सवार युवकों ने की युवक की हत्या,कई स्थानों पर चाकूबाजी की घटनाएं वाहनों में तोडफ़ोड़

भोपाल। राजधानी में होली के दिन सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद कई इलाकों में चाकूबाजी और तोडफ़ोड़ की घटनाएं हुईं। निशातपुरा इलाके में कार में सवार युवकों ने ओवरटेक और कट मारने की बात को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इसी प्रकार हबीबगंज इलाके में रास्ते से हटने की बात को लेकर चाकूबाजी की घटना हुई, जिसमें एक युवक को गंभीर चोट आई है। पुलिस ने सभी मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार अरविंद मीना (21) मूलत: सलामतपुर जिला रायसेन का रहने वाला था फिलहाल वह अस्सी फीट रोड निशातपुरा में रहता था और एक कपड़े की दुकान पर काम करता था। कल दोपहर वह अपने एक दोस्त के साथ होली मनाने के लिए घर से निकला था। दोपहर के समय दोनों युवक बेस्ट प्राइज के पास पहुंचे, तभी अचानक एक कार ने ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को कट मार दिया। इसको लेकर उनके बीच विवाद हो गया। इस पर कार से उतरे युवकों ने गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। अरविंद ने गाली देने से मना किया तो एक युवक ने उसके सीने पर चाकू घोंप दिया। चाकू लगते ही अरविंद जमीन पर गिरा तो कार सवार युवक वहां से भाग निकले। डर के कारण अरविंद का साथी भी वहां से गायब हो गया। राहगीरों से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायल को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी है।पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमलावरों की पहचान कर ली गई है। कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। इसी प्रकार रतन कॉलोनी करोंद में रहने वाली पीयूष ठाकुर के साथ अजय अहिरवार और समीर अहिरवार ने चाकू से मारपीट कर दी। यहीं पर मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे करोंद चौराहे पर दुर्जन, राजा और अन्य साथियों ने मिलकर बबलू गौर के साथ चाकू से मारपीट की। दोनों ही मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
रास्ते से हटने का बोला तो किया चाकू से हमला
इधर हबीबगंज इलाके में रास्ते से टहने का बोलने पर अज्ञात आरोपियों ने युवक और उसके साथी पर चाकू से हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार सूरज सिंह राजपूत अपने दोस्त रोहित चौहान के साथ जा रहा था। शाम करीब साढ़े छह बजे अरेरा कॉलोनी के पास कुछ लोग रास्ते में होली खेल रहे थे।दोस्तों ने उन्हें रास्ते से हटने का बोला तो वह विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगे। गाली देने से मना करने पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे रोहित चौहान को गंभीर चोट आई थी। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।



