पिकअप वाहन पलटने से 8 लोग घायल, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

भोपाल/ छतरपुर जिले के थाना भगवां क्षेत्र में डायल-112 के जवानों की संवेदनशीलता और तत्परता के कारण एक बड़ा हादसा होने से बच गया।टिगरी गांव के पास एक पिकअप वाहन के अनियंत्रित होकर पलटने से घायल हुए 8 व्यक्तियों को पुलिस ने बिना वक्त गंवाए अस्पताल पहुंचाया, जिससे सभी को समय पर चिकित्सकीय उपचार मिल सका। जानकारी के अनुसार राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को सूचना मिली थी कि थाना भगवां क्षेत्र के टिगरी गांव के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया है। वाहन में सवार करीब 8 लोग बुरी तरह घायल हैं और उन्हें तत्काल मदद की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही क्षेत्र में तैनात एफआरव्ही वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।मौके पर पहुंचे स्टाफ प्रधान आरक्षक उमेश पाठक और पायलट रामगोपाल विश्वकर्मा ने देखा कि घायल सड़क पर तड़प रहे थे। जवानों ने बिना देरी किए एफआरव्ही वाहन और मौके पर मौजूद कुछ निजी वाहनों की मदद से सभी 8 घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल, बड़ामलहरा पहुंचाया। पुलिस की इस फुर्ती के कारण डॉक्टरों ने घायलों का उपचार तुरंत शुरू कर दिया।



