खबर

महिला का एटीएम बदलकर एकाउंट से निकाले 29 हजार रुपए

टीन की चादर काटकर कूलर की दुकान से उड़ाए 2 लाख 

भोपाल। पिपलानी इलाके में एक महिला का एटीएम कार्ड बदलकर जालसाजों ने एकाउंट से 29 हजार रुपये निकाल लिए। घटना के करीब नौ महीने बाद पीड़ित महिला ने थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार फरियादिया वर्षा सराठे (39) आनंद नगर पिपलानी में रहती हैं और एक सुपर मार्केट में काम करती हैं। उनका गैरतगंज जिला रायसेन में एसबीआई में एकाउंट है। पिछले साल पांच जून को वर्षा अपना एटीएम कार्ड लेकर आनंद नगर स्थित बैंक आफ बड़ौदा के एटीएम बूथ पर गई थी। एटीएम में पहले से दो युवक गेट के बाहर खड़े थे। वर्षा जब पैसा निकालने लगी तो पैसा नहीं निकला। तब बाहर खड़े लडके एटीएम के अंदर पहुंचे और बताया कि सर्वर डाउन है। इस दौरान वर्षा का एटीएम नीचे गिर गया और उन लड़कों का भी एटीएम जमीन पर गिरा। वर्षा ने एक एटीएम उठाया और बाहर निकल गई। कुछ समय बाद वह दोबारा उसी एटीएम पर रुपये निकालने पहुंची तो फिर से रुपये नहीं निकले। उसके कुछ समय बाद उनके एकाउंट से तीन बार में कुल 29 हजार रुपये निकल गए। अनुमान है कि एटीएम में मौजूद युवकों ने ही वर्षा का एटीएम कार्ड बदल दिया और उनका पिन नंबर देखने के बाद एकाउंट से रुपए निकाल लिए होंगे। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

कूलर दुकान से 2 लाख रुपये नकद चोरी

मिसरोद स्थित एक कूलर दुकान से बदमाश 2 लाख रुपये नकद चोरी कर ले गए। जानकारी के अनुसार मंडीदीप निवासी महेश श्रीवास्तव होशंगाबाद रोड स्थित समरधा के पास कूलर की दुकान चलाते हैं। बीते दिसंबर महीने में उन्होंने कूलर का ऑर्डर दिया था, जिसकी गाड़ी अगले दिन आने वाली थी। 30 दिसंबर की सुबह वह जल्दी दुकान पर पहुंच गए थे। गाड़ी वाले ने बताया कि वह दस बजे तक आएगा। इस पर उन्होंने गाड़ी वाले को भुगतान के लिए रखे दो लाख रुपये दराज में रख दिए और भोजन करने के लिए घर चले गए। कुछ समय बाद बेटा दुकान पर पहुंचा तो दराज का ताला टूटा मिला और अंदर रखे रुपये गायब थे। श्रीवास्तव दुकान पर पहुंचे तो पता चला कि साइड में लगी लोहे की चादर टूटी हुई है। महीनों तक वह अपने स्तर पर चोरी करने वालों की तलाश करत रहे, लेकिन जब उनका कुछ पता नहीं चला तो विगत दिवस थाने जाकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button