किराए के मकान में रहने पहुंचे युवक ने जहर खाकर की खुदकुशी

भोपाल। रातीबड़ इलाके में रहने वाले एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव किराए के मकान में पड़ा मिला। युवक ने हाल में उक्त मकान किराए पर रहने के लिए लिया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पीएम कराने के बाद लाश परिजन को सौंप दी है। जहर खाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। घरवालों के बयान के बाद ही खुदकुशी के कारणों का पता चल पाएगा। जानकारी के अनुसार सिकंदराबाद रातीबड़ निवासी जयदीप यादव (23) स्कूल वैन चलाने का काम करता था। उसके पिता भी स्कूल वाहन चलाने का काम करते हैं। पिछले दिनों जयदीप ने जगन्नाथपुरी स्थित एक मकान में किराए का कमरा लिया था। मंगलवार को वह सिकंदराबाद स्थित अपने घर पहुंचा और अलमारी में रखे कुछ रुपये लेकर वापस किराए के मकान में लौट आया। परिजनों को जब पता चला कि वह जगन्नाथपुरी में किराए से रहने लगा है तो बुधवार को उसे तलाशते हुए पहुंचे। कमरे में जयदीप अचेत अवस्था में पड़़ा मिला। घरवालों ने उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को जहर के पैकेट मिले, जिन्हें जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।



